गौमुखी सेवाधाम में प्रवेशोत्सव संपन्न, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और 300 पौधे लगाने का लिया संकल्प
कोरबा। ग्राम देवपहरी स्थित गौमुखी सेवाधाम परिसर में संचालित एकलव्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का प्रवेशोत्सव वेदारंभ संस्कार के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने आश्रम परिसर में विभिन्न शक्तिपीठों के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नौकुंडीय हवन के साथ वेदारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।
विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने हवन में आहुति देकर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वर्गीय बनवारीलाल अग्रवाल की स्मृति में कक्षा पहली से दसवीं तक के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है, लेकिन पुस्तकों के ज्ञान के साथ विद्यार्थियों के जीवन में संस्कार, शिष्टाचार, विनम्रता और माता-पिता व गुरुजनों के प्रति सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने गौमुखी सेवाधाम द्वारा शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त पीढ़ी तैयार करने के प्रयासों की सराहना की।
जिला पंचायत के सीईओ दिनेश नाग ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के लिए गौमुखी सेवाधाम का कार्य प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला कार्यवाह कैलाश नाहक ने गौमुखी सेवाधाम की दो दशक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए संस्था द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। संस्था के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव योगेश जैन तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता ने किया।
300 पौधों से हरियाली का संकल्प
वेदारंभ संस्कार के बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथियों ने पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की। विद्यालय के 300 विद्यार्थियों द्वारा 300 फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
पौधों की व्यवस्था वन विभाग एवं पर्यावरण गतिविधि के जिला संयोजक कैप्टन मुकेश अदलखा द्वारा की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

