कोरबा।भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत सोनपुरी ग्राम पंचायत में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। वहीं बालकोनगर के पाढ़ीमार क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण का भूमि पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
लोकार्पण समारोह में बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, महापौर संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधियों, बालको अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। पाढ़ीमार में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में कन्नौजिया राठौर समाज के अध्यक्ष जय राठौर, पार्षद हितानंद अग्रवाल, रजत प्रसाद खूटे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने बालको की सामुदायिक विकास योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से भवन को अपनी संपत्ति मानकर उसके संरक्षण और सदुपयोग का आह्वान किया।
बालको के सीईओ राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में समुदाय के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने और सामाजिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
बालको प्रबंधन के अनुसार पिछले तीन वर्षों में सीएसआर के तहत 85 से अधिक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिनमें सड़कें, सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, आंगनबाड़ी केंद्र तथा शासकीय स्कूलों का नवीनीकरण शामिल है।
इन परियोजनाओं से 20 गांवों के 20 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। हाल के महीनों में नेहरू नगर सामुदायिक भवन, सिविक सेंटर स्थित जुबली पार्क तथा स्मृति उद्यान का भी निर्माण कराया गया है। कंपनी ने भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इसी तरह की जनहितकारी योजनाएं जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

