कोरबा। एसईसीएल निहारिका मेन रोड पर बीच सड़क गुंडागर्दी करने वाले युवक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली। घटना के समय स्कूलों की छुट्टी होने से सड़क पर बड़ी संख्या में बच्चे और आम लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
पुलिस के अनुसार घटना 6 जुलाई 2026 की दोपहर हैलीपेड हनुमान मंदिर के पास हुई। आरोप है कि सुभाष ब्लॉक निवासी सुजल सोनवानी (21) ने अपनी नेक्सॉन कार बीच सड़क पर रोककर बोलेरो चालक सोहेल अली के साथ गाली-गलौज की और फिर उसे वाहन से नीचे उतारकर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की। घटना के कारण करीब 15 मिनट तक सड़क पर जाम लगा रहा।
पीड़ित सोहेल अली,जो बुधवारी का निवासी है और सीएसईबी पावर प्लांट में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है, ने बताया कि वह काम से निहारिका जा रहा था। आगे चल रही नेक्सॉन कार धीमी गति से चल रही थी। रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाने पर आरोपी भड़क गया और बीच सड़क पर वाहन रोककर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना का वीडियो राहगीरों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
मानिकपुर चौकी में दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध क्रमांक 603/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351, 115(2) एवं 126 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुजल सोनवानी, जो एसईसीएल कर्मी का पुत्र बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त नेक्सॉन कार (CG 12 BU 7704) भी जब्त कर ली। गुरुवार को आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां जमानत नहीं मिलने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

