टोनही बताकर महिला को दो साल तक प्रताड़ित किया, देवरानी समेत तीन गिरफ्तार

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र के भांटापारा कुदुरमाल में टोनही प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कथित रूप से पिछले दो वर्षों से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने देवरानी, उसकी पुत्री और पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार थाना उरगा में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत कुदुरमाल वार्ड क्रमांक-4 निवासी सत्यभामा वैष्णव (65) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी देवरानी लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी, उसकी पुत्री चंचल वैष्णव और पुत्र किशन वैष्णव उर्फ गोलू लगातार उन्हें परेशान कर रहे थे।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी आए दिन घर के सामने आकर गाली-गलौज करते थे तथा उन्हें जादू-टोना करने वाली महिला बताकर पूरे मोहल्ले में बदनाम करते थे। आरोप है कि दिवंगत पति को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं और उन्हें घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

पीड़िता ने यह भी बताया कि घर में कोई सामान खराब होने पर भी आरोप उनके ऊपर लगाया जाता था, जिससे वह और उनका पुत्र राजेंद्र वैष्णव भय के माहौल में जीवन जी रहे थे।

शिकायत की जांच के बाद उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 3(5) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराओं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी (45 वर्ष), चंचल वैष्णव (21 वर्ष) और किशन वैष्णव उर्फ गोलू (26 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।