कोरबा।जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य कर चुके ठेकेदारों का करीब 2 हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने से प्रदेशभर के ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। भुगतान नहीं मिलने के विरोध में छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने रायपुर में प्रदर्शन कर शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। वहीं कोरबा में भी ठेकेदारों ने प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर शीघ्र भुगतान की मांग की।
एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण कई ठेकेदार भारी कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। आर्थिक तंगी के चलते कुछ ठेकेदारों द्वारा आत्महत्या करने, कई के गंभीर अवसाद में जाने तथा हार्ट अटैक और लकवा जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित होने की बात भी ज्ञापन में उल्लेखित की गई है।
इसी क्रम में गुरुवार को जिला कांट्रेक्टर एसोसिएशन के नेतृत्व में ठेकेदारों ने अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल को ज्ञापन सौंपकर लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सचिव असलम खान, कोषाध्यक्ष संतोष खरे सहित जिले के बड़ी संख्या में ठेकेदार मौजूद रहे।
एसोसिएशन ने बताया कि 10 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर भी लंबित भुगतान का मुद्दा उठाएगा और शीघ्र समाधान की मांग करेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

