शॉर्ट सर्किट की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा स्थित आमापाली में संचालित देवांगन ऑटो पार्ट्स की दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में खड़ी 4 बाइक, 2 स्कूटी और 2 साइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा ऑटो पार्ट्स, टायर-ट्यूब और अन्य सामान भी नष्ट हो गया। घटना में करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
दुकान संचालक सुनील कुमार देवांगन ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सबसे पहले आंगन में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग दुकान के भीतर रखे सामान और घर की ओर बढ़ने लगी।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान और वाहन जल चुके थे।
पीड़ित ने उरगा थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

