हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश, तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से छह मवेशियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एक ट्रेलर कुदुरमाल की ओर तेज गति से जा रहा था। कुदुरमाल-भाटापारा मार्ग स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड को ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सीधे मवेशियों के बीच घुस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेने के साथ ट्रेलर को जब्त कर लिया। मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि घायल मवेशियों का उपचार शुरू कराया गया है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और डंपर अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठ रहा है कि पशुपालकों को भी अपने मवेशियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

