बारिश में जर्जर सड़कों को मिलेगी राहत, 29 करोड़ से बनेगी टू-लेन सीसी रोड

कलेक्टर ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, 15 दिन के भीतर मरम्मत और आवागमन सुचारु रखने के निर्देश

कोरबा।जिले में लगातार बारिश के बीच खराब सड़कों से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए प्रशासन ने निर्माण और मरम्मत कार्य तेज कर दिए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सड़क का पैदल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होने तक सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और प्रत्येक 15 दिन में आवश्यक मरम्मत कर आवागमन सुचारु बनाए रखा जाए।

कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सीसी सड़क को निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी जायजा लिया। पुल की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित रपटा निर्माण तथा वैकल्पिक मार्ग की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग को शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित न हो।

29 करोड़ से बनेगी आधुनिक टू-लेन सड़क
प्रशासन ने बताया कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से रूमगरा के ध्यानचंद चौक से बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा से रिसदी चौक तक 5.74 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं ढेंगुरनाला और बेलगिरी पुल के मरम्मत कार्य का कार्यादेश भी जारी हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीओ द्विवेदी सहित नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।