48 घंटे बाद नाले से मिला ग्रामीण का शव

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच उफनते नाले में बह गए ग्रामीण का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार तलाश अभियान चलाने के बाद बुधवार को शव खोज निकाला।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (52 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेज बारिश के कारण नाले में जलस्तर और बहाव अत्यधिक होने से रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को पूरे दिन खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण अभियान रोकना पड़ा।

बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों से दूर रहने तथा जोखिम उठाकर उन्हें पार करने या मछली पकड़ने जैसे कार्यों से बचने की अपील की है।