लगातार शिकायतों और कलेक्टर के निरीक्षण के बाद कार्रवाई
कोरबा। तहसील कार्यालय बरपाली की नकल शाखा में लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर सहायक ग्रेड-3 एवं नकल शाखा प्रभारी लिपिक घनश्याम सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय करतला निर्धारित किया गया है।
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोरबा एवं तहसीलदार बरपाली की जांच रिपोर्ट के अनुसार, 3 जुलाई को कलेक्टर कुणाल दुदावत के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नकल शाखा प्रभारी द्वारा पक्षकारों को निर्धारित समय सीमा के बाद भी दस्तावेजों की नकल उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। नकल शाखा के कार्यों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निष्पादन नहीं होने के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत घनश्याम सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व कार्यालयों में लापरवाही, आम जनता को अनावश्यक परेशान करने या शासकीय कार्यों में ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध जांच के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी राजस्व सेवाएं समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

