कोयला व लिग्नाइट खनन क्षेत्र में 30 वर्षों का अनुभव
कोरबा।सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार के नाम की अनुशंसा नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), सिंगरौली के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए की है।
उनके चयन की अनुशंसा के बाद एसईसीएल परिवार में हर्ष का माहौल है।
एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है।
उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
एसईसीएल में आने से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-2 एवं 3 ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख के रूप में कार्यरत रहे। इससे पहले उन्होंने एनएलसी इंडिया में कई महत्वपूर्ण तकनीकी एवं प्रबंधकीय जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड से की, जहां लगभग 18 वर्षों तक अत्यधिक यंत्रीकृत भूमिगत एवं खुली कोयला खदानों के संचालन का अनुभव हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया की 50 लाख टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का लगभग पांच वर्षों तक सफल नेतृत्व भी किया।
खनन क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें एनसीएल के शीर्ष पद के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। उनकी अनुशंसा को एसईसीएल और कोयला उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

