कोरबा। शहर के एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हेलीपैड हनुमान मंदिर के पास बीच सड़क पर एक युवक द्वारा बोलेरो चालक से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्कूल की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे और राहगीर मौके पर मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बुधवारी निवासी सोहेल अली, जो सीएसईबी पावर प्लांट में वाहन चालक हैं, काम से निहारिका की ओर जा रहे थे। उनका आरोप है कि आगे चल रही काले रंग की ब्लैक फिल्म लगी नेक्सॉन कार काफी धीमी गति से चल रही थी। रास्ता देने के लिए उन्होंने हॉर्न बजाया, जिससे कार चालक नाराज हो गया।
आरोप है कि नेक्सॉन चालक सुजल सोनवानी ने अपनी कार बीच सड़क पर रोक दी और उतरकर सोहेल अली के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर बोलेरो चालक को वाहन से नीचे उतारकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने सोहेल अली को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के समय आसपास के स्कूलों की छुट्टी होने से बड़ी संख्या में बच्चे और आम नागरिक मौजूद थे। युवक के आक्रामक व्यवहार के कारण लोग बीच-बचाव करने से भी कतराते रहे। लगभग 15 मिनट तक सड़क पर यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया।
घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मारपीट करने वाला युवक एसईसीएल कर्मी का पुत्र बताया जा रहा है तथा सुभाष ब्लॉक क्षेत्र का निवासी है। घटना के समय उसके शराब के नशे में होने की भी चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस से मामले की शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

