सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत

24 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने बरामद किया शव, दोस्तों के साथ गया था घूमने; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एसईसीएल के 24 वर्षीय कर्मचारी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार सुबह नगर सेना की टीम ने उसका शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार और सहकर्मियों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा घूमने गया था। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त नदी के बीच बने टापू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुभांशु वापस लौटने लगा, लेकिन गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर श्यांग पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने तथा पानी का बहाव तेज होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब साढ़े 11 बजे कड़ी मशक्कत के बाद सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया।

लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है। मृतक की मां के मंगलवार को पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुभांशु ध्रुव के परिवार पर यह दूसरा बड़ा आघात है। चार वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। पिछले ढाई वर्षों से वह एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।