बालको चेकपोस्ट सहित कई मार्ग जलमग्न, वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
कोरबा।अषाढ़ के पहले सप्ताह में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है, वहीं शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार से शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा, जिससे सड़कों पर जलभराव और निचली बस्तियों में पानी घुसने की समस्या गंभीर हो गई।
कोरबा से बालकोनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बालको चेकपोस्ट, नेहरू नगर, भदरापारा और परसाभाठा जैसे इलाकों में सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। कई स्थानों पर पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहा। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई वाहन जलभराव के कारण बंद भी हो गए।
शहर के कुआंभट्ठा, कांशीनगर, मुड़ापार बायपास, राताखार और इमलीडुग्गू सहित कई निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया। कई मकानों में पानी घुसने से घरेलू सामानों को नुकसान हुआ और लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी जलभराव की यही स्थिति बनी थी। समस्या के समाधान के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन स्थायी व्यवस्था नहीं होने से इस वर्ष भी हालात नहीं बदले। बारिश का मौसम अभी शुरू ही हुआ है, ऐसे में यदि समय रहते जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इधर मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा उफनते नालों और जलभराव वाले मार्गों से दूर रहने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

