पाली के हरीश पोर्ते ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, आर्थिक सहयोग के अभाव में सरकार और उद्योगपतियों से लगाई मदद की गुहार
कोरबा।पाली विकासखंड के लोहड़िया गांव निवासी युवा पर्वतारोही हरीश कुमार पोर्ते ने माउंट युनम पीक पर तिरंगा फहराकर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह उपलब्धि प्रसिद्ध पर्वतारोही बलजीत कौर के साथ हासिल की।
हरीश लगातार पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने महज सात दिनों में एवरेस्ट बेस कैंप ट्रैक पूरा किया। इसके अलावा हाल ही में मनाली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया है।
अब हरीश का अगला लक्ष्य 1 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले अभियान में केवाई-1 और केवाई-2 चोटियों को फतह करना है। यदि वे इस अभियान में सफल होते हैं तो लगातार दोनों चोटियों पर चढ़ाई करने वाले छत्तीसगढ़ के पहले युवा पर्वतारोही बन जाएंगे।
हरीश का अंतिम सपना जुलाई 2027 तक विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर भारत और छत्तीसगढ़ का तिरंगा फहराना है। हालांकि पर्वतारोहण के महंगे अभियानों के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर और स्थानीय विधायक से सहयोग की मांग की है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है।
हरीश पोर्ते ने कहा, “मैं हार नहीं मानूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि कहीं न कहीं से सहयोग जरूर मिलेगा और मैं अपने सपने को पूरा करूंगा।”
उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन, उद्योगपतियों और समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि संसाधनों के अभाव में उनका एवरेस्ट अभियान अधूरा न रह जाए। हरीश की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

