बारिश में भी पेयजल संकट, कटघोरा के कई वार्डों में नहीं पहुंच रहा पर्याप्त पानी

बिजली बाधित होने से नहीं भर रहीं पानी की टंकियां, नगर पालिका और बिजली विभाग के खिलाफ लोगों में नाराजगी

कोरबा।लगातार बारिश के बावजूद कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। बीते तीन दिनों से पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में भी नागरिकों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा शहर और आमाखोखरा स्थित पंप हाउस में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की टंकियां पूरी तरह नहीं भर पा रही हैं। इसका सीधा असर शहर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है। कई वार्डों में लोगों को महज 10 मिनट तक ही पानी मिल रहा है, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और नगर पालिका परिषद की अनदेखी के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है और अधिकारियों की ओर से केवल इंतजार करने की बात कही जा रही है।

नागरिकों ने कहा कि बारिश के मौसम में भी यदि पेयजल के लिए संघर्ष करना पड़े तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि पंप हाउस के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाए तथा प्रभावित वार्डों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।