अतिथि शिक्षक नियुक्ति और राजस्व मामलों का निराकरण चाहिए लोगों को,जनदर्शन में मिले 58 आवेदन

कोरबा। जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार को आयोजित जनदर्शन में लोगों ने अतिथि शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई।

नागरिकों ने प्रशासन से आग्रह किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए इसी माह नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग ने कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन के दौरान कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, विद्युत आपूर्ति, अतिथि शिक्षक नियुक्ति, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

सीईओ दिनेश नाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव,डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।