राज ज्वैलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे थे बदमाश, चोरी की बाइक और देशी कट्टे से वारदात का किया था प्रयास; एक आरोपी अब भी फरार
कोरबा। छुरी स्थित राज ज्वैलर्स में लूट के प्रयास के बहुचर्चित मामले का कोरबा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपियों की दोस्ती जेल में हुई थी और वहीं उन्होंने रिहाई के बाद लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश कुमार ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार किया। फरार आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया की तलाश जारी है।
ग्राहक बनकर पहुंचे, कट्टा दिखाकर लूट का प्रयास
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब एक बजे तीन आरोपी बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से राज ज्वैलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था और उनमें से एक आरोपी महिला के वेश में था। चांदी की अंगूठी खरीदने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर दुकानदार की छाती पर तान दिया और आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया।
आरोपी बैग में आभूषण भरने लगे, लेकिन बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर वे घबरा गए और भाग निकले। भागते समय वे घटनास्थल पर चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा छोड़ गए।
100 से अधिक CCTV खंगालकर पहुंचे आरोपियों तक
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य, साइबर जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी गई। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे।
जेल में बनी थी लूट की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही तीनों की दोस्ती हुई और वहीं उन्होंने रिहाई के बाद लूट की वारदात करने की योजना बनाई। बाहर आने के बाद चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे की व्यवस्था कर राज ज्वैलर्स को निशाना बनाया।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल, निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी, उप निरीक्षक अजय सोनवानी, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा ,आरक्षक डेमन ओग्रे,अलोक टोप्पो, सुशील यादव, संजु सिंह, श्यांग सिदार, विरकेश्वर सिंह, रवि कुमार, सउनि राम पाण्डेय, राजेन्द्र सिंह, प्र.आर अनुज सिंह, राजेश कवर, गोपाल यादव, प्रशांत सिंह, रितेश शर्मा, सुनील सिंह एवं कटघोरा पुलिस तथा विशेष टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

