कोसा भवन के सामने स्प्लेंडर प्लस लेकर फरार हुआ चोर, व्यस्त बाजार में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल पावर हाउस रोड पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोसा भवन के सामने खड़ी स्प्लेंडर प्लस बाइक को अज्ञात चोर कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार घटना पावर हाउस रोड स्थित कोसा भवन और एस.एस. प्लाजा के सामने की है। पीड़ित ने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक रोज की तरह सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान एक शातिर चोर मौके का फायदा उठाकर बाइक चोरी कर फरार हो गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वह शहर का अत्यंत व्यस्त इलाका है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहा।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

