प्राइड मंथ के जरिए बालको ने समावेशी कार्य संस्कृति को दी नई मजबूती

2,000 से अधिक कर्मचारियों, साझेदारों और समुदाय के लोगों ने लिया हिस्सा, ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए विशेष नीतियां बनीं पहचान

कोरबा। वेदांता एल्यूमिनियम की इकाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने एक माह तक चले प्राइड मंथ अभियान के माध्यम से विविधता, समानता और समावेशी कार्य संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। इस अभियान में 2,000 से अधिक कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और समुदाय के सदस्यों ने भाग लेकर समावेशी समाज का संदेश दिया।

अभियान के दौरान जागरूकता सत्र, कर्मचारी सहभागिता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएं, प्रेरक अनुभव साझा करने के कार्यक्रम, क्विज़ और प्राइड मार्च का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से एलजीबीटीक्यूआई+ समुदाय के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

बालको ने ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के लिए कई विशेष नीतियां लागू की हैं।एजुकेशन सपोर्ट पॉलिसी के तहत पात्र कर्मचारियों को व्यावसायिक शिक्षा के लिए एक लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाती है। वहीं जेंडर रिफर्मेशन पॉलिसी के अंतर्गत जेंडर रिफर्मेशन सर्जरी के लिए दो लाख रुपये तक की सहायता और 30 दिनों का सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाता है। अब तक सात कर्मचारी इन सुविधाओं का लाभ उठा चुके हैं।


बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी विविधता को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती है। उनका कहना था कि प्रत्येक कर्मचारी को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बालको में 21 ट्रांसजेंडर कर्मचारी कार्यरत हैं और भविष्य में उनकी भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

बालको में कार्यरत ट्रांसजेंडर कर्मचारी देवसेना चौहान ने बताया कि कंपनी के सहयोग से वह नौकरी के साथ एम.टेक. की पढ़ाई भी पूरी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने उनकी क्षमता पर विश्वास जताकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।

प्राइड मंथ के दौरान आयोजित प्राइड मार्च में कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और स्थानीय समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भारत सरकार के डाक विभाग के सहयोग से वित्तीय जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। पूरे अभियान के दौरान बालको के डीई एंडआई शुभंकर ‘डाइवर्सीदी’ ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समावेश और समानता का संदेश दिया।

बालको ने बताया कि उसकी समावेशन रणनीति ट्रांसजेंडर प्रतिभाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण के जरिए कौशल विकास और सहयोगी कार्य संस्कृति विकसित करने पर केंद्रित है। इसके परिणामस्वरूप एलजीबीटीक्यूआई+ समुदाय के कर्मचारी आज सामग्री प्रबंधन, फोर्कलिफ्ट संचालन और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।