ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कोरबा। करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला में हाल ही में निर्मित पुलिया पहली ही तेज बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस निर्माण के क्षतिग्रस्त होने के बाद इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और संभावित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण के दौरान ही कार्य की गुणवत्ता को लेकर कई बार आपत्तियां जताई गई थीं। उनका आरोप है कि घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया गया और निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई।
इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से भी की गई, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। नतीजा यह रहा कि पहली ही बारिश में पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर परियोजना से संबंधित अनिवार्य सूचना पटल तक नहीं लगाया गया था। इससे यह जानकारी नहीं मिल सकी कि पुलिया का निर्माण किस विभाग के माध्यम से कराया गया, कार्यदायी संस्था कौन है, निर्माण की लागत कितनी है और कार्य कब पूरा हुआ। सूचना के अभाव ने ग्रामीणों के संदेह को और गहरा कर दिया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरकारी धन से बनने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया जाएगा तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कराई जाए और यदि अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। जोगीनाला पुलिया का पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होना इन आशंकाओं को और मजबूत करता है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

