मीरा रिसोर्ट की बर्थडे पार्टी के विवाद में बोलेरो कैंपर से कुचलकर की थी हत्या, नागपुर से दबोचा गया आरोपी
कोरबा। मीरा रिसोर्ट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद अपने ही दोस्त की बोलेरो कैंपर से कुचलकर हत्या करने वाले फरार आरोपी तुषार ढांडा को कोरबा पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद आरोपी दूसरे राज्य में छिपकर फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार पीछा करने की रणनीति ने उसकी योजना विफल कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे।
पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। रिसोर्ट से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई। इसी दौरान गुस्से में तुषार ढांडा अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन सीधे उज्जवल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया।
गंभीर रूप से घायल उज्जवल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
थाना उरगा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

