सहकारी सप्ताह का जिला स्तरीय समापन समारोह भैसमा में संपन्न, सहकारिता विस्तार और डिजिटल बैंकिंग पर दिया गया जोर
कोरबा। सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर भैसमा स्थित आदिवासी सेवा सहकारी समिति (कृषि उपज मंडी) में जिला स्तरीय सहकारी सप्ताह एवं कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई दिशा मिलेगी।
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में सहकारी सप्ताह मनाया गया। समापन समारोह की शुरुआत कर्मा नृत्य, सहकारी गीत और सहकारी ध्वज फहराने के साथ हुई। समिति की ओर से मुख्य अतिथि रजनीश सिंह को 80 किलोग्राम आम से तौलकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजनीश सिंह ने कहा कि एक छोटे सहकारी समूह से शुरू हुआ अमूल आज वैश्विक ब्रांड बन चुका है। इसी प्रकार प्रत्येक गांव में कम से कम एक मजबूत सहकारी समिति स्थापित हो, ताकि किसान, ग्रामीण और अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक विकास का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा ने कहा कि जल्द ही सहकारी बैंक इंटरनेट बैंकिंग सुविधा से भी जुड़ जाएगा, जिससे किसानों और खाताधारकों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने समिति परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्मेलन में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा पदाधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी, बैंक अधिकारी, समिति प्रबंधक तथा बड़ी संख्या में किसान और समिति कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

