हसदेव बांगो बांध क्षेत्र में मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों के साथ बचाव अभियान का अभ्यास, आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा
कोरबा। जिले में मानसून के दौरान संभावित अतिवृष्टि और बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा हसदेव बांगो बांध के डुबान क्षेत्र सतरेंगा में व्यापक रेस्क्यू मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी बनाना था।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मोटरबोट, लाइफ जैकेट, रस्सियों और अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जलमग्न क्षेत्र में फंसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने आपदा के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों और बचाव तकनीकों की भी जानकारी दी। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि विभाग के पास विशेष रूप से प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम उपलब्ध है, जिसने पूर्व में भी कई आपदा परिस्थितियों में सफल राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर अलर्ट जारी किए जाएंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

