दीवार में सेंध लगाकर 25 बकरियां चोरी, किसान को लाखों का नुकसान

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघिया में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक किसान के घर की दीवार में सेंध लगाकर 25 बकरियां चोरी कर लीं। घटना में किसान को करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

वारदात के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघिया निवासी किसान रामनाथ यादव (45) चार जुलाई की रात परिवार के साथ भोजन कर सो गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर बकरियों वाले कमरे में प्रवेश किया और वहां रखी 20 बकरियां तथा 5 बकरे सहित कुल 25 पशु चोरी कर ले गए। सुबह करीब पांच बजे रामनाथ यादव की नींद खुली तो कमरे का ताला टूटा मिला और पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई थी। मौके पर बकरियों को बांधकर ले जाने के निशान भी मिले।

पीड़ित किसान के अनुसार चोरी गई बकरियों की कीमत लगभग दो से ढाई लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

रामनाथ यादव की शिकायत पर कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर चोरी गई बकरियां बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं मुआवजे की मांग की है।