मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, पेड़ से टकराई; 9 घायल, तीन की हालत गंभीर

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 8 बजे मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे में वाहन में सवार 12 से अधिक मजदूरों में से 9 लोग घायल हो गए, जबकि तीन महिला मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन के नीचे दबे मजदूरों को राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार दरगा गांव के मजदूर रोज की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्टरी में काम करने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। बनखेता गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और वाहन के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

दुर्घटना में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि अन्य मजदूरों को भी चोटें आई हैं। घायल सविता ने बताया कि वे सभी सुबह मजदूरी के लिए कार्बन फैक्टरी जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्टरी के ठेकेदार द्वारा मजदूरों के आवागमन के लिए पिकअप वाहन की व्यवस्था की जाती है, लेकिन उसमें क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।