तिलकेजा के पीएम श्री सेजस विद्यालय पहुंचे कलेक्टर, विद्यार्थियों से जाना शिक्षा और सुविधाओं का हाल

नि:शुल्क आईआईटी-जेईई कोचिंग की दी जानकारी, विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने करतला विकासखंड के ग्राम तिलकेजा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम (सेजस) विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले कंप्यूटर लैब का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध संसाधनों तथा अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विषयों में रुचि, परीक्षा की तैयारी, परीक्षा परिणाम और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य और करियर योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा संचालित आईआईटी, जेईई सहित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग सुविधा की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालय परिसर में रातरानी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।