गरीबों को बेघर कर रही सरकार, प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग : जयसिंह
कोरबा। रायपुर जिले के धरसीवा क्षेत्र स्थित नकटी गांव में 85 मकानों को ध्वस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को कोरबा के बुधवारी क्षेत्र में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को गरीब विरोधी और संवेदनहीन बताते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं न्याय की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया।
उन्होंने कहा कि विधायकों के लिए आवास उपलब्ध कराने की जल्दबाजी में सरकार ने गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। उनका आरोप था कि प्रभावित परिवारों को सेक्टर-30 में जो आवास दिए गए हैं, वे बड़े परिवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार की कार्रवाई पूरी तरह असंवेदनशील है। उन्होंने कहा कि विधायकों के लिए पूरा गांव उजाड़ देना मानवता के खिलाफ है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव ने कहा कि बरसात के मौसम में बेघर हुए कई परिवार खुले आसमान के नीचे मलबे पर रात बिताने को मजबूर हैं।
पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने बताया कि गांव के कई मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे, जबकि कुछ निर्माणाधीन थे। ग्रामीणों ने वर्षों की मेहनत और बचत से अपना घर बनाया था, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से उनका सपना टूट गया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों का सामान्य जीवन भी प्रभावित हुआ है।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गजानंद साहू, मो. शाहिद, गिरधारी बरेठ, नारायण कुर्रे, राजेन्द्र तिवारी, विनोद अग्रवाल, मनहरण राठौर, कृपाराम साहू, रमेश वर्मा, रोपा तिर्की, मस्तुल सिंह कंवर, सुकसागर निर्मलकर, पालूराम साहू, रवि सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों के समुचित पुनर्वास और सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















