भाजपा नेता पर हमला और लूट के चार आरोपी गिरफ्तार, जुलूस निकालकर पुलिस ने भेजा जेल

कोरबा। भुलसीडीह क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनका जुलूस निकालते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को कपिलेश्वर धीरज अपने कार्य से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनके पास मौजूद नकदी और अन्य सामान भी लूट लिया। घायल अवस्था में राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कपिलेश्वर धीरज ने क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों और गांजा बिक्री का विरोध किया था, जिससे आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीनारायण खांडे, संदीप खांडे, गंगासागर खांडे और अरुण खांडे निवासी रजगामार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे की रॉड तथा लूटी गई नकदी भी बरामद की गई है।

अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपियों का मुख्य मार्गों से जुलूस निकाला। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

हिस्ट्रीशीटर रज्जाक अली पर एनएसए की तैयारी

जिला पुलिस ने कुख्यात अपराधी रज्जाक अली के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिला दंडाधिकारी को प्रस्ताव भेजा है।

पुलिस का कहना है कि रज्जाक अली लंबे समय से हत्या, लूट सहित कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है और लगातार कार्रवाई के बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियां नहीं रुकी हैं। ऐसे में जनसुरक्षा के मद्देनजर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।