कोरबा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण शहर के मोतीसागरपारा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद खराब स्ट्रीट लाइट को अगले ही दिन सुधारकर चालू कर दिया गया।
मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी ने बताया कि उनके घर के पास लगी स्ट्रीट लाइट चार-पांच दिनों से बंद थी। रात के समय पूरे मोहल्ले में अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन में परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा था। समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कर दिया। इससे क्षेत्रवासियों को तत्काल राहत मिली और मोहल्ले में फिर से रोशनी लौट आई।
कन्हैया लाल टेवानी ने बताया कि हेल्पलाइन का यह उनका पहला अनुभव था, जो बेहद संतोषजनक रहा। उन्होंने कहा कि शिकायत के समाधान के बाद संबंधित अधिकारियों ने दो-तीन बार फोन कर समस्या के निराकरण की पुष्टि भी की।
इससे उन्हें शासन-प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली पर विश्वास और मजबूत हुआ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए एक प्रभावी मंच साबित हो रही है, जहां समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

