सीएसईबी चौक में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आए स्कूटी सवार की मौके पर मौत

नो-एंट्री में घुसे ट्रक ने मारी टक्कर,चालक चौकी पहुंचा, पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह शहर के व्यस्ततम सीएसईबी चौक में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG 04 MS 2996 नो-एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश कर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 12 AX 0386 को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाहन को रोककर सीधे सीएसईबी चौकी पहुंचकर शरण ली। इससे घटनास्थल पर मौजूद लोगों का आक्रोश उस पर नहीं फूट सका।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस वाहन जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने शहर में नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।