आकाशीय बिजली का कहर, इमली के पेड़ पर गिरी बिजली से 6 प्रवासी साइबेरियन पक्षियों की मौत

कोरबा।करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से छह प्रवासी साइबेरियन पक्षियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार को तेज गरज- चमक और बारिश के दौरान हुई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दशहरा चौक के समीप स्थित एक विशाल इमली के पेड़ पर बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी बैठे हुए थे। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से छह साइबेरियन पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी।

स्थानीय निवासी युगल दुबे ने बताया कि समीप स्थित बरगद के पेड़ पर वन विभाग द्वारा तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाया गया है, जबकि जिस इमली के पेड़ पर पक्षी बैठे थे, वहां ऐसा कोई उपकरण नहीं था। उन्होंने बताया कि कुछ ही दिन पहले ये प्रवासी पक्षी इस क्षेत्र में पहुंचे थे और इस हादसे ने सभी को दुखी कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि जन-धन, पशुधन और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगाए गए तड़ित चालकों की कार्यक्षमता की जांच की जानी चाहिए। उनका मानना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी होती तो शायद इन बेजुबान पक्षियों की जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद वन विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग उठने लगी है।