एमआईसी ने 35 करोड़ के विकास कार्यों को दी मंजूरी, नागरिक सुविधाओं पर रहेगा फोकस

सफाई, सड़क, नाली, पेट्रोल पंप, प्रवेश द्वार और खेल विकास सहित कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े करीब 35 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों को मंजूरी दी गई। महापौर संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्माण कार्यों, स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़क, खेल और निगम की आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, भवन निर्माण, बीटी सड़क, आवासीय भवनों के व्ययन और अन्य विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कोरबा, टीपी नगर, कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर शुक्ल नगर, बालको, दर्री और सर्वमंगला नगर जोन में ठेका पद्धति से सफाई व्यवस्था संचालित करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।

एमआईसी ने बैडमिंटन खेल एसोसिएशन को खेल गतिविधियों के लिएआर्थिक सहायता देने,पैनल अधिवक्ताओं की नियुक्ति तथा स्वच्छता व्यवस्था के अध्ययन भ्रमण जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति प्रदान की। बैठक में स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर संजू देवी राजपूत ने शहर में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति, बेहतर सड़क प्रकाश व्यवस्था, उद्यानों के रखरखाव, स्वच्छता अभियान और भवन निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया।

एमआईसी के प्रमुख निर्णय

शहर में 35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी।

विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और भवन निर्माण कार्य होंगे।

सभी जोनों में ठेका पद्धति से सफाई व्यवस्था को स्वीकृति।

निगम के स्वयं के पेट्रोल पंप की स्थापना गैरेज परिसर के पास होगी, जिसे हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की मंजूरी मिल चुकी है।

शहर के प्रमुख मार्गों पर पांच नए प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

निगम कर्मचारियों के आवासों का मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

वार्ड क्रमांक 34 डिपरापारा बस्ती का नया नाम “कमल विहार” रखा जाएगा।

निगम के केंद्रीय भंडारगृह परिसर में वाणिज्यिक परिसर विकसित किया जाएगा।

बैठक में एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, अजय गोंड़, सरोज शांडिल्य, अजय कुमार चंद्रा, उर्वशी राठौर, ममता यादव, धनकुमारी गर्ग सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।