भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री पर जानलेवा हमला, मारपीट कर 60 हजार रुपये लूटने का आरोप

नशे का विरोध करने पर वारदात का दावा, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाओं के बीच एक और मामला सामने आया है। कोरबा के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा मंडल कोरबा के मंत्री कपिलेश्वर धीरज पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की, लाठी-डंडों से हमला किया और 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कपिलेश्वर धीरज को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पोल्ट्री फार्म व्यवसाय से जुड़े हैं और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास उनकी दुकान है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय गांव के ही अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने कथित रूप से उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद कार में तोड़फोड़ करते हुए उनके साथ मारपीट की गई।

घायल कपिलेश्वर धीरज का आरोप है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बाहरी मजदूरों के बीच गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। उन्होंने इस गतिविधि का विरोध करते हुए संबंधित लोगों को समझाइश दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, मारपीट इतनी गंभीर थी कि वे बेहोश हो गए। आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में राहगीरों ने उन्हें देखा और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

कपिलेश्वर धीरज ने आरोप लगाया कि अरुण खांडे एक स्थानीय कांग्रेस नेता का पुत्र है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है और अपने प्रभाव का उपयोग कर धमकी देता था।

घटना के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।