पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगी निःशुल्क शिक्षा, कोरबा जिले के लिए 7 सीटें निर्धारित
कोरबा। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 12 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के तहत विद्यार्थियों को शैक्षणिक शुल्क, छात्रावास सुविधा, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक खर्च पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को संवारना है।
पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और अब 12 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे।
कोरबा जिले के लिए इस योजना में कुल 7 सीटें निर्धारित की गई हैं।
श्रम विभाग ने पात्र हितग्राहियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। आवेदन के लिए श्रम कार्यालय, जनपद पंचायत के श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर एवं लोक सेवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

