केंद्रीय भंडारगृह परिसर में बनेगा आधुनिक फ्यूल स्टेशन, निगम वाहनों को मिलेगा सीधे ईंधन और बढ़ेगी कार्यक्षमता
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के स्वयं के पेट्रोल पम्प की स्थापना का रास्ता अब साफ हो गया है। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने निगम को सहमति पत्र प्रदान कर दिया है। निगम मुख्यालय साकेत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एचपीसीएल अधिकारियों ने यह स्वीकृति पत्र आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को सौंपा।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में निगम द्वारा अपने वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु स्वयं का पेट्रोल पम्प स्थापित करने की पहल की गई थी। यह पेट्रोल पम्प सीएसईबी चौक के समीप स्थित निगम के केंद्रीय भंडारगृह परिसर में स्थापित किया जाएगा।
निगम को होगी 40 लाख रुपये तक की सालाना बचत
नगर निगम के पास ट्रक, डम्पर, जेसीबी, ट्रैक्टर, कार, जीप सहित करीब 150 वाहन हैं, जिनमें वर्तमान में निजी पेट्रोल पम्पों से ईंधन भराया जाता है। निगम का अपना पेट्रोल पम्प शुरू होने पर इन वाहनों को सीधे निगम परिसर से ईंधन उपलब्ध होगा, जिससे हर वर्ष 36 से 40 लाख रुपये तक की बचत होने का अनुमान है।
ईवी चार्जिंग और सीएनजी की भी मिलेगी सुविधा
प्रस्तावित पेट्रोल पम्प स्टेशन में आधुनिक सुविधाओं का भी समावेश किया जाएगा। एचपीसीएल द्वारा यहां दो डीजल डिस्पेंसर, एक पेट्रोल पम्प, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग प्वाइंट तथा एक सीएनजी सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए लगभग 1260 वर्गमीटर भूमि का उपयोग किया जाएगा।
सहमति पत्र सौंपने के अवसर पर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, एचपीसीएल के उप महाप्रबंधक (सेल्स) आर्नव चटर्जी, उप महाप्रबंधक (मार्केटिंग) रमेन्द्र बर्मन, क्षेत्रीय विक्रय अधिकारी शुभम पायरा तथा मार्केटिंग मैनेजर महेश गुईंग उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

