सेवा सेतु बना ग्रामीणों का सहारा, छात्रा को समय पर मिला निवास प्रमाण-पत्र

कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत, एक ही केंद्र पर आसान हुई शासकीय सेवाएं

कोरबा।प्रदेश सरकार की सेवा सेतु योजना आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। इस योजना के जरिए विभिन्न प्रमाण-पत्र और नागरिक सेवाएं अब एक ही स्थान पर सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका लाभ ग्राम लबेद निवासी मोहित राम को भी मिला।

मोहित राम की पुत्री सुश्री पदमा राठिया, जो कक्षा 9वीं की छात्रा हैं, के लिए निवास प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे दस्तावेज बनवाने के लिए संबंधित कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।

उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया, जहां पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी पुत्री का निवास प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया, जिससे उन्हें बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के आवश्यक दस्तावेज मिल गया।

मोहित राम ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र के कारण उनका कार्य बेहद कम समय में पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ती। एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं मिलने से ग्रामीणों के समय, श्रम और आर्थिक व्यय—तीनों की बचत हो रही है।