पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ें सभी स्ट्रीट वेंडर्स, कलेक्टर ने दिए निर्देश

टीएल बैठक में योजनाओं की समीक्षा, किसानों के पंजीयन और खाद्यान्न वितरण पर भी जोर

कोरबा।जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिले के सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स का समग्र पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय से जुड़े लोगों को योजना का लाभ दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने नगरीय निकायों को अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स से आवेदन प्राप्त कर उन्हें शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

किसानों के पंजीयन और सौर ऊर्जा योजना की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिकाधिक हितग्राहियों को जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति जल्द करने के निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां शीघ्र अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

राशन वितरण और खाद्यान्न भंडारण पर जोर
जुलाई माह के खाद्यान्न आबंटन एवं भंडारण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी उचित मूल्य दुकानों और सोसायटियों में पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने को कहा।

सीएम हेल्पलाइन और सहकारी गतिविधियों की भी समीक्षा

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। वहीं जिला सहकारी विकास समिति के तहत आयोजित सहकारी सप्ताह की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी सहकारी समितियों में निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर ईशान जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।