सक्ती।सक्ती जिले में हुए चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम संबंधों में उपजे विवाद का परिणाम थी, जिसके तहत मुख्य आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हत्या के लिए ₹4 लाख की सुपारी देकर तीन राज्यों से शूटर बुलाए गए थे।
पुलिस के अनुसार 26 जून को जोंगरा गांव निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने साइबर सेल, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतका का मुख्य आरोपी मुरलीशंकर के साथ प्रेम संबंध था। समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। इससे परेशान होकर मुरलीशंकर ने अपनी पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर पूर्णिमा की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने स्वयं वारदात को अंजाम देने के बजाय ₹4 लाख की सुपारी देकर झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से पेशेवर शूटरों को बुलाया।
पूर्व नियोजित योजना के तहत दो शूटर पूर्णिमा के घर पहुंचे और उसे गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश कर मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे, मोबाइल फोन, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में पूछताछ जारी रखे हुए है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

