अवैध पार्किंग, कोयला मलबा और जलभराव से रोज जाम; जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
कोरबा। कोयलांचल क्षेत्र के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल कुसमुंडा- इमलीछापर सड़क पर ट्रांसपोर्टरों की मनमानी आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। चौड़ी सड़क होने के बावजूद भारी वाहनों की अवैध पार्किंग, कोयला मलबे के ढेर, अधूरे निर्माण कार्य और जलभराव की समस्या के कारण यह मार्ग कई स्थानों पर सिंगल लेन से भी बदतर स्थिति में पहुंच गया है।
कुसमुंडा चौक से इमलीछापर तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में खाली ट्रेलर और ट्रक खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। राहगीरों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आपातकालीन सेवाओं को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। जगह-जगह पानी भरने, कोल डस्ट के कीचड़ में तब्दील होने और सड़क पर फैले मलबे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार सहित कई क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन इसकी बदहाल व्यवस्था पर न तो प्रशासन गंभीर नजर आता है और न ही जिम्मेदार विभाग। सड़क निर्माण और ओवरब्रिज परियोजना के लिए कई परिवारों का विस्थापन भी किया गया, लेकिन यातायात व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
लोगों का आरोप है कि ट्रांसपोर्टरों और भारी वाहन चालकों की मनमानी के कारण सड़क धीरे-धीरे पार्किंग स्थल में बदलती जा रही है। जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई की जाए, मलबा और कोयला अवशेष हटाए जाएं तथा बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

