सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी सेवाओं की राह, घर बैठे मिला आय प्रमाण-पत्र

डिजिटल व्यवस्था से बची भागदौड़, रामेश्वर कंवर ने साझा किया अनुभव

कोरबा। शासन की जनहितकारी पहल ‘सेवा सेतु’ आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की सहज, सरल और समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डिजिटल माध्यम से संचालित इस व्यवस्था ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाते हुए लोगों की अनावश्यक भागदौड़ को काफी हद तक कम कर दिया है।

तहसील कटघोरा के ग्राम राल निवासी रामेश्वर कंवर को अपने पुत्र हिमाचल सिंह और पुत्री देवांशी कंवर के लिए आय प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने आवश्यक दस्तावेज तैयार कर पटवारी से सत्यापन कराया और सुतर्रा स्थित लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत किया।

आवेदन के बाद पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित हुई, जिससे उन्हें किसी भी कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ ही दिनों में दोनों बच्चों के आय प्रमाण-पत्र जारी कर दिए गए।

रामेश्वर कंवर ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया बेहद सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्होंने शासन की इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।