शाला प्रवेश उत्सव में मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
कोरबा। ग्राम भैंसमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान उल्लास-नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत उपस्थित जनसमुदाय को साक्षरता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा शिक्षकों ने भी पौधरोपण कर अभियान में अपनी सहभागिता निभाई और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
शाला प्रवेश उत्सव के साथ पौधरोपण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

