अमरैयापारा में जलभराव से मकानों को खतरा, निगम ने दो माह में नाली निर्माण का दिया आश्वासन

कोरबा। अमरैयापारा वार्ड में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को जमकर बहसबाजी हुई। लंबे समय से बारिश का पानी जमा होने के कारण आसपास के मकानों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे स्थानीय निवासी परेशान हैं। मामले की शिकायत पर नगर निगम के जोन स्तर के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र निवासी अनिल दास ने आरोप लगाया कि एक निजी भूखंड में बने गड्ढे में वर्षा जल भर जाने से उसके मकान की नींव प्रभावित हो रही है। साथ ही पेयजल व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। चर्चा के दौरान जल निकासी, भूमि की स्थिति और भविष्य में होने वाले नुकसान को लेकर कई मुद्दे सामने आए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद निगम अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि आपसी सहमति बनने पर यहां दो माह के भीतर नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा।

पीड़ित पक्ष के अनिल दास ने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो वे अपने स्तर पर आगे की कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी स्पष्ट किया कि तय समय में समाधान नहीं होने पर वे जल निकासी के मौजूदा रास्ते को बंद करने पर विचार करेंगे।

फिलहाल निगम के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया है, लेकिन क्षेत्रवासी अब दो माह के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।