रैप फेस्ट में गूंजे युवाओं के सुर, कलाकारों ने बांधा समां

माइक चेक दीपका रैप फेस्ट-2026’ में वाद्य प्रथम, ब्लैक बस्टर द्वितीय और रैपर डी तृतीय

कोरबा। कशिका इवेंट्स एंड फिल्म्स के तत्वावधान में दीपका में आयोजित छत्तीसगढ़ के पहले रैप शो ‘माइक चेक दीपका रैप फेस्ट-2026’ ने युवाओं के बीच जबरदस्त उत्साह का माहौल बनाया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे रैप कलाकारों ने अपने दमदार लिरिक्स, आकर्षक बीट्स और शानदार मंचीय प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा नेता ज्योति नंद दुबे सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत छत्तीसगढ़ के दिवंगत रैपर एप्पी राजा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कलाकारों और युवाओं ने उनके संगीत योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

रैप प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर वाद्य ने प्रथम, ब्लैक बस्टर ने द्वितीय और रैपर डी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दीपका में निर्माणाधीन सस्पेंस थ्रिलर शॉर्ट फिल्म ‘द लास्ट पेज’ का पोस्टर भी लॉन्च किया गया। आयोजकों ने बताया कि फिल्म के माध्यम से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

निर्णायक मंडल में अंकित, परफेक्ट संधू, अंडरग्राउंड ए.बी. और धीरज शामिल रहे। मंच संचालन बैड बॉय, स्वैग बॉय, सर्वेश सोनी और लक्ष्मण दास ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रोहन दास, देव प्रकाश, दिनेश दास, कमलेश दास, योगराज, ओम प्रकाश और अमित कुमार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह आयोजन न केवल युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने में सफल रहा, बल्कि प्रदेश में रैप संगीत संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।