किसान संघ की बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

सिंचाई, गौ-आधारित खेती और किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा, आगामी कार्ययोजना तैयार

कोरबा। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की जिला इकाई कोरबा की मासिक बैठक भैंसमा तहसील के तिलकेजा में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भगवान बलराम एवं भारत माता के पूजन-अर्चन तथा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान संगठन के पिछले माह के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।

बैठक में संगठन के तीन प्रमुख आयाम—संगठनात्मक, रचनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष माधो सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष तारा सिंह कंवर तथा जिला मंत्री मनीलाल हलवाई ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और गौ-आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के विषय में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लिफ्ट इरिगेशन योजना की मांग उठाई तथा कृषि विकास से संबंधित अन्य सुझाव भी प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने किसानों को संगठित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गंगाराम कैवर्त, कैलाश कौशिक, भुवनलाल, शेषनारायण पटेल, अशोक सिंह, बुधवार सिंह, नागेश्वरी कंवर, सुशीला देवी हलवाई, लखनलाल साव, पवन सिंह, महेश्वर कश्यप, अमर सिंह कंवर, बिसाहूराम मांझवार, छत्रपाल धीवर, नरोत्तम धीवर, सहदेव साव, पीला ठाकुर, देवमूरत कंवर, जमुना प्रसाद, रामजगत एवं श्याम सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।