जलभराव से आवागमन प्रभावित,स्थायी समाधान की मांग तेज
कोरबा। मंगलवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने पाली-झाबर मुख्य मार्ग की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली के बीच हुई लगभग एक घंटे की झमाझम बारिश से सड़क पर भारी जलभराव हो गया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। पाली-झाबर मुख्य मार्ग पर पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होने लगा और देखते ही देखते पूरा मार्ग जलमग्न हो गया। कई जगहों पर दोपहिया वाहन पानी में फंस गए और उनके इंजन बंद हो गए। पैदल राहगीरों तथा स्कूली बच्चों को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा।
जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे पानी में छिप गए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।
इस मामले में विधायक प्रतिनिधि निलेश साहू ने संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पाली-झाबर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग, स्कूली बच्चे और वाहन चालक गुजरते हैं। हर बारिश में जलभराव से जनजीवन प्रभावित होता है, इसलिए समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

