कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के विकास नगर स्थित बी-132 आवास में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई।
डीएवी स्कूल में कार्यरत शिक्षक दंपति के 19 वर्षीय इकलौते पुत्र वासु सरकार ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार, स्कूल प्रबंधन और कॉलोनी में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वासु के पिता राजा सरकार कुसमुंडा डीएवी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता कोरबा स्थित डीएवी एसईसीएल स्कूल में शिक्षिका हैं।
मंगलवार सुबह दोनों अपने-अपने विद्यालय चले गए थे और वासु घर पर अकेला था।
दोपहर में जब माता-पिता घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, जहां वासु कमरे के भीतर पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर वासु को नीचे उतारा गया। उसे तत्काल विकास नगर स्थित एसईसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीएवी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

