दंतैल हाथी का आतंक जारी, युवक को कुचलने के बाद मवेशी की ली जान

कटघोरा वनमंडल में हाथियों की लगातार हलचल, मातीन और कोरबी क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी

कोरबा। कटघोरा वनमंडल में दंतैल हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। धवलपुर गांव में एक युवक की जान लेने के बाद उसी दंतैल हाथी ने सोमवार तड़के मातीन गांव के समीप एक भैंस को पटक-पटक कर मार डाला। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।

जानकारी के अनुसार जटगा रेंज क्षेत्र में 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा था, जिनमें से 10 हाथी अलग होकर बासीन परिसर पहुंच गए थे। रविवार रात धवलपुर गांव के समीप जंगल में मवेशियों की तलाश में गए एक युवक पर दंतैल हाथी ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद हाथियों का दल आगे बढ़ते हुए जटगा रेंज की सीमा पार कर ऐतमानगर रेंज के पचरा वन परिसर पहुंच गया। सोमवार सुबह मातीन जंगल के समीप नदी किनारे चर रही एक भैंस पर दल में शामिल लोनर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने भैंस को उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत भैंस के मालिक त्रिभुवन पिता नंदलाल ने घटना की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गया।

वन विभाग ने हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए मातीन एवं आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से जंगल और हाथियों की गतिविधियों वाले क्षेत्रों में अकेले न जाने की अपील की जा रही है।

इधर परला क्षेत्र में विचरण कर रहे 18 हाथियों के दूसरे दल ने भी अपना ठिकाना बदलते हुए केंदई रेंज के कोरबी परिसर में प्रवेश कर लिया है। हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और लगातार ट्रैकिंग की जा रही है।