2013 में अधिग्रहित जमीन के स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज, सुरक्षा के बीच राजस्व अमले ने की कार्रवाई
कोरबा। कोरबा तहसील के ग्राम खोड्डल में वर्ष 2013 में अधिग्रहित 143 एकड़ भूमि के स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को राजस्व विभाग ने सीमांकन की कार्रवाई संपन्न कराई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बल की तैनाती रही। पूरे दिन चले सीमांकन कार्य के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।
जानकारी के अनुसार, पूर्ववर्ती लैंको अमरकंटक पावर प्रोजेक्ट के विस्तार के लिए वर्ष 2013 में उक्त भूमि का अधिग्रहण किया गया था। हालांकि विभिन्न कारणों से इस भूमि का उपयोग और स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया लंबित रही। इस बीच 600 मेगावाट क्षमता वाली लैंको अमरकंटक परियोजना वित्तीय संकट और संचालन संबंधी चुनौतियों से जूझती रही, जिसके चलते विकास कार्य प्रभावित हुए।
बाद में परियोजना का अधिग्रहण अडाणी समूह द्वारा किए जाने के बाद विस्तार योजनाओं को गति मिली। बताया जा रहा है कि बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने और अन्य औद्योगिक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता को देखते हुए समूह लंबे समय से अधिग्रहित भूमि के स्वामित्व की प्रक्रिया पूरी कराने के प्रयास में था।
सूत्रों के अनुसार जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के माध्यम से आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया गया। इसी क्रम में 143 एकड़ भूमि का सीमांकन कराया गया ताकि स्वामित्व हस्तांतरण से जुड़ी शेष औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
सीमांकन कार्य के दौरान अधिकारियों की निगरानी में राजस्व अमले ने आधुनिक संसाधनों की सहायता से जमीन का चिन्हांकन किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

