यातायात पुलिस की पहल रंग लाई, उरगा- बलौदा- पंतोरा- बिलासपुर मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
जांजगीर-चांपा/।लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना के उरगा–बलौदा–पंतोरा–बिलासपुर मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह महत्वपूर्ण निर्णय जांजगीर-चांपा पुलिस की पहल और परियोजना प्रबंधन की सहमति के बाद लागू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात विभाग ने निर्माणाधीन सड़क पर लगातार हो रहे हादसों और संभावित जोखिमों को देखते हुए परियोजना निदेशक, भारतमाला परियोजना को पत्र लिखकर इस मार्ग को पूर्णतः बंद करने की मांग की थी।
यातायात पुलिस के आग्रह पर परियोजना निदेशक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य जारी होने के कारण मार्ग पर बड़े गड्ढे, निर्माण सामग्री, भारी मशीनें एवं अधूरी संरचनाएं मौजूद हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है। मार्ग बंद होने से निर्माण कार्य भी सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
यातायात पुलिस ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का किसी भी परिस्थिति में उपयोग न करें तथा वैकल्पिक और सुरक्षित मार्गों से ही आवागमन करें। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों का पालन कर नागरिक अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रतिबंधित मार्ग से दूरी बनाए रखें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

